आदिवासियों ने चक्काजाम कर ….
अनोखा तीर, हरदा। आदिवासी वर्ग के उत्थान की दिशा में निरंतर प्रयासरत सामाजिक संगठनों ने जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में बुनियादी सुविधाओं की आवाज को बुलंद किया है। इसको लेकर आदिवासी महिला-पुरूष तथा युवाओं ने गुरूवार को स्थानीय खंडवा बायपास चौक पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अंदोलनकारियों ने चक्काजाम भी कर दिया। जिसके चलते नेशनल हाइवे पर आवागमन बाधित हुआ। हालांकि इसकी सूचना मिलते ही जिला एवं पुलिस प्रशासन मौके पर पहले से मौजूद था। जानकारी के अनुसार जयस , गोंडवाना, भीम आर्मी एवं एससी एसटी संयुक्त मोर्चा की अगुवाई में आदिवासी वर्ग की महिला एवं पुरूष बड़ी संख्या में यहां जुटे। वहीं अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। आंदोलन में सक्रिय रहे राहुल पवारे ने बताया कि टिमरनी विधानसभा क्षेत्र का ग्राम लाखादेह, चुनरी, बापचा रातामाटी और बिटिया गांव आजादी के 75 सालों के बाद भी सड़क, बिजली, पानी तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से काफी पिछड़ा हुआ है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार आदिवासियों के जीवन में खुशहाली का दावा कर रही है। जबकि जमीनी हकीकत कुछ ओर ही है। यही वजह है कि मूलभूत सुविधाएं की मांग को लेकर आंदोलन की राह अपनानी पड़ी है। पवारे ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक उनकी बातों को नही सुने जाने के कारण नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। अंत में एसडीएम आशीष खरे को ज्ञापन सौंपकर मांगों की तरफ प्रशासन का ध्यान दिलाया गया। साथ ही मांगों का समाधान करने की बात पर जोर दिया गया। इस मौके पर जयस के जिलाध्यक्ष राकेश काकोड़िया, सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण सुचार , महिला संगठन की पूर्व अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर, एससी एसटी संगठन के संभागीय अध्यक्ष राहुल पवारे, भीम आर्मी के संभागीय अध्यक्ष महेंद्र काशिव मेहरा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अध्यक्ष देवीसिंह परते समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरूष एवं युवा मौजूद थे।

