ग्रामीण क्षेत्रों में दाह संस्कार हेतु बनी भूमि पर अतिक्रमण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-टीन शेड में हो रही खेती
-जिम्मेदारों की लापरवाही से योजनाएं प्रभावित
अनोखा तीर, हंडिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों को दाह संस्कार की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की राशि व्यय कर टीन शेड और मुक्तिधाम विकसित किए गए थे। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण प्रदेश की यह महत्वाकांक्षी योजना कई स्थानों पर विफल होती दिख रही है। गबला ग्राम की शासकीय भूमि पर बने दाह संस्कार टीन शेड में अतिक्रमणकारियों द्वारा फसल बो दी गई है। दाह संस्कार स्थल की भूमि पर हो रही खेती इस योजना की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और सचिव की अनदेखी के कारण मुक्तिधाम की भूमि पर अवैध कब्जे बढ़ते जा रहे हैं। हंडिया तहसील क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में बने दाह संस्कार टीन शेड दयनीय स्थिति में पड़े हुए हैं। बेसवां सहित कई पंचायतों में तो मुक्तिधाम के प्रवेश मार्ग भी अधूरे पड़े हैं, जो भ्रष्टाचार और लापरवाही की कहानी स्पष्ट रूप से बयां करते हैं। जानकारों का कहना है कि शासन द्वारा बनाई गई इन सुविधाओं की उपेक्षा के चलते ग्रामीण आज भी मूलभूत दाह संस्कार व्यवस्था से वंचित हैं। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस स्थिति पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगा, या पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दी गई ये सुविधाएं यूं ही उपेक्षित पड़ी रहेंगी?

101 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!