अनोखा तीर, हरदा/टिमरनी। जिले के टिमरनी तहसील मुख्यालय पर एक महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे महिला की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में महिला को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। इस दौरान रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। दूसरे दिन यानी शुक्रवार को महिला के शव का पीएम हुआ। इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस चौकी अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार टिमरनी के वार्ड क्रमांक 9 लोधी मोहल्ला में रहने वाली दुर्गा पति कमलेश कौशल उम्र 32 साल ने गुरुवार शाम को अपने ही घर पर जहरीली दवा का सेवन कर लिया था। जिसे गंभीर हालत में उपचार के लिए टिमरनी उपस्वस्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां महिला की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रैफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला की शादी 13 साल पहले हुई थी। महिला की दो बेटियां हैं। घटना के वक्त महिला का पति इटारसी के पास ग्राम पांजरा में मिस्त्री का काम करने गया हुआ था। पुलिस घटना का कारण पता करने में जुटी है।

