डीआईजी मनीष अग्रवाल सहित आठ लोगों को मिला डीजी ब्रांज डिस्क अवार्ड 

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

दैनिक अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार के गृहमंत्रालय ने देशभर में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को डीजी ब्रांज डिस्क अवार्ड से सम्मानित करने की घोषणा की है। जिसमें मध्यप्रदेश के डीआईजी तथा हरदा के एसपी रहे मनीष कुमार अग्रवाल तथा उनके अधिनस्थ कार्य करने वाली टीम का नाम भी शामिल हैं। उल्लेखनीय हैं कि भारत सरकार के गृहमंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष डीजी ब्रांज डिस्क अवार्ड प्रदान किया जाता है। जिसमें वर्दीधारी बलों जैसे पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन और नागरिक सुरक्षा के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान असाधारण साहस, उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा दिखाई है। इस वर्ष इसी क्रम में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के स्थापना दिवस पर यह विशेष अवार्ड देने की घोषणा की गई है। जिसमें डीआईजी मनीष कुमार अग्रवाल, डिवीजनल कमांडेंट होमगार्ड देवेंद्र कुमार विजयवत, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड मयंक कुमार जैन, प्लाटून कमांडर हेमराज परस्ते और शिवराज चौधरी, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, हवलदार बाबू सिंह चंद्रावत, डिवीजनल वार्डन सिविल डिफेंस अजय राठौर को डीजी ब्रॉन्ज डिस्क प्रदान करने की घोषणा की गई है। भारत सरकार द्वारा की गई इस घोषणा पर मध्यप्रदेश होमगार्ड्स, सिविल डिफेंस एवं आपदा प्रबंधन की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने सभी सम्मानित अधिकारियों और स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि “यह सम्मान केवल किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस संगठन की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारे अधिकारी और स्वयंसेवक हर आपदा एवं संकट की घड़ी में निस्वार्थ भाव से कार्य करते हैं और समाज में सुरक्षा व सहयोग की भावना को सशक्त करते हैं। यह उपलब्धि समूचे संगठन के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है।

Views Today: 2

Total Views: 368

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!