-भव्य शोभायात्रा और होगा दिव्य आयोजन
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम में प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी अघन सुदी पूर्णिमा गुरुवार को कान्हा बाबा मेले का आयोजन किया जाएगा। समाधि स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंचने की संभावना है। इसी के साथ मेले का शुभारंभ भी होगा। आयोजन को लेकर समाधि स्थल पर तैयारियां जारी हैं। शनिवार रात यहां बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें गांव के युवा कृष्णकांत पाटिल, प्रीतम खोरे, बसंत चौधरी, अंशुल महंत सहित अन्य युवक उपस्थित रहे और उत्सव की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि बुधवार रात समाधि स्थल को भव्य फूल मालाओं व विद्युत साज-सज्जा से सजाया जाएगा। गुरुवार को पूर्णिमा पर सुबह 8 बजे समाधि स्थल से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो गुठान मोहल्ला, बाजार चौक, मालीपुर, रहटगांव रोड होते हुए पुन: समाधि स्थल पहुंचेगी। शाम 5 बजे मेले के लिए निशान चढ़ाया जाएगा, जिसके बाद यहां महाआरती और महाप्रसाद वितरण होगा। ग्राम पंचायत द्वारा इस वर्ष भी भव्य आतिशबाजी और धमाल बैंड का आयोजन किया जाएगा। रात्रि में भजन संध्या का आयोजन महंत शीतल दास महाराज और ग्रामवासियों द्वारा रखा गया है, जिसमें भजन गायिका के द्वारा सुरीले भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
मेला लगाने को लेकर ग्राम पंचायत में हुई बैठक
मेला आयोजन को लेकर ग्राम पंचायत ने भी अपनी बैठक कर ली है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी पूर्व प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया। पंचायत सचिव बालाराम गुर्जर ने बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस बार भी उन्हीं व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो नियमित रूप से मेले में दुकान लगाते आए हैं। मेले की सुरक्षा और निगरानी के लिए ग्राम पंचायत सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करेगी। उपसरपंच गजेंद्र भाटी ने बताया कि इस बार स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी व्यापारियों को अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा ताकि मेले में गंदगी न फैले। मेले में आने वाले लोगों के लिए सुलभ शौचालय की अस्थाई व्यवस्था भी ग्राम पंचायत द्वारा की जाएगी। पंचायत द्वारा 5 और 6 दिसंबर को मेला मैदान पर निशान डाले जाएंगे, जिसके बाद सभी व्यापारियों के लिए 10 दिसंबर तक दुकान लगाना अनिवार्य रहेगा।

Views Today: 2
Total Views: 152

