-चेचिस चालक का पैर टूटा, उपचार के लिए भोपाल रेफर
अनोखा तीर, मसनगांव। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर भिरंगी गेट और बारंगी के बीच बने पटेल ढाबे के पास देर रात लगभग 11 बजे पिकअप और चेचिस वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। आगरा से खंडवा की ओर जा रहा नया चेचिस वाहन और भुसावल से केले लेकर बरेली जा रही पिकअप एमपी 04 जीए 7376 आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन की पिछली बॉडी अलग होकर दूर जा गिरी, वहीं चेचिस वाहन का आगे का कांच पूरी तरह टूट गया। हादसे में चेचिस वाहन चालक का पैर टूट गया। गंभीर रूप से घायल चालक को पिकअप चालक ने बाहर निकालकर डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद उसे हरदा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया। पिकअप चालक अनीश खान ने बताया कि मोड़ के कारण चेचिस वाहन चालक को सड़क समझ नहीं आई। सड़क संकरी होने से टक्कर हो गई। पिकअप में रखे केले सुबह दूसरी गाड़ी में भरकर बरेली के लिए रवाना कर दिए गए। क्षतिग्रस्त वाहन रातभर मौके पर ही खड़े रहे।
सड़क संकरी और सोल्डर धसान से बढ़ रहीं दुर्घटनाएं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नर्मदापुरम से खंडवा तक लगभग 200 किलोमीटर लंबे स्टेट हाईवे की चौड़ाई सीमित होने से बड़े वाहनों को साइड देने में कठिनाई होती है और दुर्घटनाएँ बढ़ रही हैं। पिछले चार दिनों में यह तीसरी दुर्घटना है। इससे पहले खली से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था, तथा अगले दिन हिरण के झुंड को बचाने के दौरान एक पिकअप पलट गई थी। बारिश के बाद सड़क किनारों के सोल्डर धंसने से सड़क और सोल्डर में बड़ा अंतर दिखाई देता है, जो दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। भिरंगी रेलवे फाटक से पटेल ढाबे तक बना खतरनाक मोड़ भी रात के समय साफ दिखाई नहीं देता, जिससे अनजान चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। रेलवे गेट पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते सड़क और संकरी हो गई है। गेट बंद होने पर दोनों ओर वाहनों की लाइन लग जाती है और गेट खुलते ही अधिकांश वाहन चालक तेजी से सड़क पकड़ने की कोशिश में तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
Views Today: 2
Total Views: 136

