-नर्मदापुरम संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व
अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा के प्रतिभाशाली छात्र दिव्यांश बामने ने एयर राइफल शूटिंग में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भोपाल में 1 दिसंबर से 5 दिसंबर तक आयोजित की जा रही हैं, जिसमें दिव्यांश नर्मदापुरम संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। दिव्यांश का चयन स्कूल एवं जिले के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि पर संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांश ने मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि महर्षि ज्ञानपीठ परिवार के साथ-साथ हरदा जिले और पूरे संभाग के लिए गौरव का क्षण है। दिव्यांश के कोच नितिन रामकुचे ने बताया कि दिव्यांश शुरू से ही शूटिंग के प्रति गंभीर और समर्पित रहे हैं। नियमित अभ्यास, तकनीक पर पकड़ और स्थिरता ने उन्हें इस स्तर तक पहुँचाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तर पर भी दिव्यांश अपने प्रदर्शन से सभी को गौरवान्वित करेंगे। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और साथियों ने दिव्यांश बामने को उनके उज्ज्वल भविष्य और शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
दिव्यांश का एयर राइफल शूटिंग में राज्य स्तर के लिए चयन

68 Views


