40 बुलेट के साइलेंसर निकालकर किए नष्ट
अनोखा तीर , हरदा। पुलिस अधीक्षक श्री शशांक के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में रविवार को मुख्यालय पर यातायात पुलिस ने बुलेट बाइक से पटाखे की तेज आवाज करने वाले वाहनों से निकाले गए साइलेंसरों को नष्ट करने की कार्रवाई की है। यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर की अगुवाई में यातायात पुलिस ने 40 से अधिक बुलेट के साइलेंसर को रोड रोलर की मदद से नष्ट भी किया है। कार्रवाई दौरान इन्दौर रोड़ स्थित सांई मंदिर के पास लोगों की भीड़ जुट गई। दूसरी तरफ यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में संतोष है। खासकर बुजुर्ग लोगों ने राहत की सांस ली है, जो बुलेट की तेज आवाज से हलाकान रहते थे। इस संबंध में यातायात प्रभारी श्री ठाकुर ने बताया कि बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे की आवाज निकालने वाले वाहन चालकों की लगातार शिकायत मिल रही थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए 40 से ज्यादा बुलेट के साइलेंसर निकाले गए थे। जिनका यातायात थाने में साउंड लेवल मशीन से जांच करने के बाद यह कार्रवाई की है।
Views Today: 2
Total Views: 126

