अनोखा तीर, हरदा। संविधान दिवस के अवसर पर सिनर्जी संस्थान हरदा द्वारा पॉलीटेक्निक कॉलेज हरदा में अधिकार से पहचान कर्तव्य से सम्मान विषय पर युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 400 युवा शामिल हुए। हंडिया, रहटगांव, सिराली, मागरधा और हरदा की विभिन्न बस्तियों से पहुंचे ये युवा अक्सर मुख्यधारा से दूर माने जाते हैं, लेकिन सिनर्जी संस्थान ने विशेष प्रयास करते हुए अंतिम पंक्ति के युवाओं को इस आयोजन से जोड़ा, ताकि सभी को समान अवसर मिल सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन रहे। उन्होंने संविधान के 76 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान जहां हमें अधिकार देता है, वहीं कर्तव्य निभाने की प्रेरणा भी देता है, इसलिए युवाओं के लिए दोनों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने सभी विभागों से युवाओं को सरकारी योजनाओं, प्रक्रियाओं और सेवाओं की स्पष्ट जानकारी देने का आग्रह किया और सीएम हेल्पलाइन को जनता की आवाज़ का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक मुझे आज़ादी चाहिए, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेल और दिमागी गतिविधियों का आयोजन किया गया। आरसीटी, पुलिस विभाग, आरएलएम, मानसिक स्वास्थ्य इकाई, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य, स्वास्थ्य, सांख्यिकी शाखा, लोक सेवा प्रबंधन, जल संसाधन, स्किल डेवलपमेंट, शिक्षा, कृषि, उद्योग, लोक निर्माण विभाग तथा कम्युनिटी कोऑर्डिनेशन सहित 17 विभागों ने युवाओं को योजनाओं और कौशल विकास से संबंधित जानकारी दी। संवाद और प्रश्न उत्तर सत्र में युवाओं ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक जागरूकता, सरकारी योजनाओं की समझ, नेतृत्व क्षमता और भविष्य निर्माण को बढ़ावा देना रहा। बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को प्रभावशाली और सफल बनाया।

Views Today: 2
Total Views: 136

