अनोखा तीर, हरदा। आज 26 नवंबर को सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए घासीराम शिक्षण एवं सामाजिक कल्याण समिति हरदा, जन अभियान परिषद तथा नवकुंर संस्था सेक्टर-5 हरदा द्वारा बच्चों के साथ संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विक्रमादित्य टांक ने बच्चों के बीच संविधान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है, जो हमें मौलिक अधिकार प्रदान करता है और साथ ही कर्तव्यों के निर्वहन की सीख भी देता है। उन्होंने बच्चों से देश की एकता और अखंडता बनाए रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर संविधान दिवस मनाने के उद्देश्य पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि यह दिन संविधान के महत्व और समकालीन भारत में उसकी भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत और स्वीकार किया गया था, जिसकी यह 76वीं वर्षगांठ है। कार्यक्रम में बच्चों को सामूहिक रूप से संविधान पालन, राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
Views Today: 2
Total Views: 148

