संविधान बचाने गांव-गांव चौपाल लगाएगी कांग्रेस

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। मगरधा ब्लॉक के ग्राम पलासनेर में आज जिला कांग्रेस द्वारा संविधान दिवस जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई, क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर रामकिशोर दोगने, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले, एडवोकेट दिनेश यादव, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रामचरण सिंधे, दिनेश मालवीय, मदन सिंह राजपूत, जनपद सदस्य रामनारायण निमारे, जनपद सदस्य सुंदरलाल और सरपंच सरोज बाई चौरसिया मौजूद रहे। चौपाल चर्चा में मोहन सांई ने कहा कि आज देश में संविधान खतरे में है और वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा संविधान को कमजोर करने वाले कई प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों का हनन बढ़ता जा रहा है तथा लोगों को मताधिकार से वंचित करने की साजिशें सामने आ रही हैं। उन्होंने बिहार चुनाव में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने, अन्य राज्यों में कथित रूप से निष्पक्ष चुनाव न होने और वोट की चोरी जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के अधिकार समाप्त कर दिए गए हैं तथा किसानों से जुड़ी मंडी, सहकारिता और नहर जैसी संस्थाओं के चुनाव 15 वर्ष से नहीं कराए गए, जबकि यह किसानों का संवैधानिक अधिकार है। मनरेगा योजना बंद जैसी स्थिति में पहुंच गई है, जिससे ग्रामीणों को रोजगार नहीं मिल पा रहा। कई गांवों में गरीबों को समय पर राशन नहीं मिल रहा, सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं, शिक्षकों की भारी कमी है, राशन कार्ड और पेंशन संबंधी समस्याएं भी ग्रामीणों ने बताईं। सांई ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद महंगाई लगातार बढ़ी है, किसानों को फसलों के उचित दाम नहीं मिल रहे, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और देश का बड़ा हिस्सा चंद पूंजीपतियों के हाथों में सौंपा जा रहा है। जहां कांग्रेस सरकार ने सत्ता का विकेंद्रीकरण किया था, वहीं अब सत्ता का केंद्रीकरण बढ़ता जा रहा है। कार्यक्रम में हरिओम पटेल, शाबीर खान, बृजेंद्र पटेल, सोहनलाल, सतीश भादू, राकेश यादव, एड. अमृतलाल देवड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान दिवस पर संकल्प लिया कि गांव-गांव जन जागरण अभियान चलाकर चौपालों के माध्यम से संविधान की जानकारी पहुंचाई जाएगी तथा संविधान की प्रस्तावना भी वितरित की जाएगी।

Views Today: 2

Total Views: 130

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!