अनोखा तीर, हरदा। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में 26 नवंबर को सहकारिता विभाग द्वारा टिमरनी ब्लॉक के ग्राम आलमपुर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त ने सहकारी समितियों के उन्नयन हेतु केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा पैक्स समितियों के आधुनिकीकरण के लिए किए जा रहे पैक्स कंप्यूटरीकरण के संबंध में विस्तार से बताया। जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी ने बैंक की योजनाओं, शून्य प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध सुविधाओं और किसानों को दिए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड के लाभों से कृषकों को अवगत कराया। कृषि विभाग के उपसंचालक जे.एल. कासदे ने प्राकृतिक एवं जैविक कृषि के सभी पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया तथा किसानों को अधिक से अधिक रकबे में जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जैविक कृषि के आदान और मार्केटिंग पर भी चर्चा की। इफको के जिला प्रबंधक ने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग पर बल देते हुए सहकारिता से जुड़ने और योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उप अंकेक्षक सुधीर मोने ने पैक्स कंप्यूटरीकरण और सहकारिता में चल रहे नवाचारों पर जानकारी प्रस्तुत की। जिला प्रबंधक विशाल चौहान ने सेवाओं, उनके फायदों और कार्य प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में रूपेश चौधरी ने आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी का संचालन कमल गरेवाल, प्रशासक जिला सहकारी संघ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के उपसंचालक, एसएडीओ, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी, रहटगांव शाखा प्रबंधक, समिति सदस्य, कृषक एवं विभिन्न समितियों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Views Today: 2
Total Views: 112

