अनोखा तीर, हरदा। जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने आज पीएमसी कॉलेज से यातायात थाने तक रैली निकालकर जिला प्रशासन और यातायात थाने के विरोध में जोरदार नारे लगाए। इस रैली में सभी छात्र-छात्राएं शामिल हुए और उन्होंने थाने में विरोध प्रदर्शन भी किया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि हाल ही में स्टेडियम के पास ऑटो और कार की टक्कर में मासूम छात्र घायल हुए थे। इसके अलावा जिले में ओवरलोड ऑटो और बसों का संचालन जारी है, जो छात्रों और आम जनता के लिए खतरा है। अभाविप ने मांग की कि ऑटो का बीमा, परमिट और लाइसेंस जांच की जाए, नियम अनुसार स्कूली बच्चे बसों में बैठें, तथा जर्जर हालत की बसों को तत्काल बंद किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्कूली क्षेत्रों में भारी वाहनों का आवागमन बंद करने, वाहन चला रहे नाबालिग छात्रों के परिजनों पर सख्त कार्रवाई करने, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों और तीन सवारी मोटरसाइकिल चलाने वाले छात्रों पर कार्यवाही करने, स्टंटबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर मौके पर उठक बैठक लगाने की भी मांग की। अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Views Today: 2
Total Views: 64

