अनोखा तीर, सोडलपुर। दीपावली उत्सव के तीसरे दिन बुधवार को ग्राम सोडलपुर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया गया। प्रात:काल से ही महिलाओं और युवतियों ने घर-घर आंगन में गोबर से गोवर्धन जी की सुंदर प्रतिमाएं बनाई और उन्हें फूल-मालाओं से सजाया। पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती उतारी गई और तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की गई। गांव के मंदिरों और चौपालों में भी सामूहिक गोवर्धन पूजन किया गया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस आयोजन में शामिल हुए। महिलाओं ने गीत गाकर गोवर्धन पूजा की परंपरा को जीवंत किया। पूजा के पश्चात गौ पूजन का कार्यक्रम हुआ, जिसमें गायों का सुंदर श्रृंगार किया गया। उन्हें फूलों की माला, रंग-बिरंगे कपड़े और घंटियों से सजाया गया तथा पारंपरिक रूप से गांव में घुमाया गया। पूरे दिनभर गांव में धार्मिक माहौल और उल्लास छाया रहा। हर घर में दीपक जलाए गए और बच्चों ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। शाम तक ग्रामीणों में एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देने का सिलसिला चलता रहा।

Views Today: 6
Total Views: 314

