अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने हरदा कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को पत्र भेजकर ग्राम गांगला से मसनगांव होते हुए हंडिया तक बन रहे सड़क मार्ग की तकनीकी और गुणवत्ता जांच कराने की मांग की है। विधायक डॉ. दोगने ने पत्र में उल्लेख किया है कि उक्त सड़क का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। निर्माणाधीन सड़क मार्ग का उन्होंने औचक निरीक्षण किया, जिसके दौरान पाया गया कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। सड़क का बेस तैयार किए बिना ही गिट्टी डालकर डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने बताया कि ग्राम रेलवां के पास सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। विधायक ने पत्र में आग्रह किया है कि गांगला से मसनगांव होते हुए हंडिया तक बन रहे सड़क मार्ग की तकनीकी एवं गुणवत्ता जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही ठेकेदार का भुगतान किया जाए।
Views Today: 2
Total Views: 196

