महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-403 किलो रंगोली से बनाई 60 फीट लंबी और 34 फीट चौड़ी मां लक्ष्मी की विशाल रंगोली
अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल हरदा के छात्र-छात्राओं ने एक अद्भुत और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने 403 किलो रंगोली सामग्री से 2040 वर्ग फीट क्षेत्र में मां लक्ष्मी की भव्य रंगोली तैयार की। यह रंगोली 60 फीट लंबी और 34 फीट चौड़ी है, जिसे बनाने में विद्यालय के 30 छात्र-छात्राओं ने लगातार पांच दिन परिश्रम किया। यह पहली बार है जब किसी विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों द्वारा इतनी विशाल और आकर्षक रंगोली तैयार की गई है। रंगोली निर्माण कार्य में अवनी, धृति, अलशिफा, नेहा, प्रिया, अभिषेक और बलराम के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की टीम ने अपनी अद्भुत कलात्मकता और समर्पण का परिचय दिया। मां लक्ष्मी की यह रंगोली अत्यंत सुंदर, आकर्षक और भावनात्मक रूप से मनमोहक रही। विद्यालय के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों की इस रचनात्मक उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि, महर्षि ज्ञानपीठ के विद्यार्थी अत्यंत प्रतिभाशाली हैं। इस प्रकार के आयोजन से न केवल बच्चों की सृजनात्मक क्षमता विकसित होती है, बल्कि उनमें टीम वर्क, अनुशासन और धैर्य का भी विकास होता है। ऐसे प्रयास यह दर्शाते हैं कि हमारे विद्यार्थियों में अपार संभावनाएं छिपी हैं। विद्यालय के संपूर्ण स्टाफ, विद्यार्थियों और पालकों ने भी इस रंगोली का अवलोकन किया और बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की। सभी ने कहा कि यह रंगोली वास्तव में कला और आस्था का अद्भुत संगम है, जो मां लक्ष्मी की भव्यता और विद्यार्थियों की लगन दोनों को एक साथ प्रदर्शित करती है। संस्था परिसर का दृश्य अत्यंत मनोहारी था, जहां मां लक्ष्मी की आभा रंगोली के माध्यम से सजीव प्रतीत हो रही थी। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल हरदा का यह प्रयास न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कला, मेहनत और लगन का प्रतीक है, जिसने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।

235 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!