अनोखा तीर, हंडिया। आगामी दीपोत्सव के त्यौहार को लेकर जहां बाजारों में रौनक दिखाई देने लगी है, वहीं दूसरी ओर महंगाई का असर भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। रंग, रोगन और सजावटी वस्तुओं के बढ़े दामों ने इस बार त्योहार की तैयारियों पर असर डाला है। इस वर्ष अधिक वर्षा के कारण अन्नदाताओं की सोयाबीन की फसलें खराब हुई हैं, जिससे बाजारों में खरीददारी की रफ्तार पर भी असर पड़ने की संभावना है। लगातार बढ़ती मूल्य वृद्धि ने आम लोगों की रोजमर्रा की वस्तुओं के साथ-साथ त्योहार की तैयारियों को भी महंगा बना दिया है। मूर्तिकारों के अनुसार प्लास्टर ऑफ पेरिस, रंग और अन्य सामग्री के दामों में वृद्धि हुई है, जिसके कारण प्रतिमाओं की लागत बढ़ गई है। पहले जहां एक मूर्तिकार छोटी-बड़ी मिलाकर एक से दो हजार प्रतिमाएं तैयार करता था, वहीं अब बढ़ती लागत के कारण वह मुश्किल से 500 से 1000 मूर्तियां ही बना पा रहा है। हंडिया की मूर्तिकार इस समय लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार सामग्री महंगी होने से मूर्तियों के दाम भी बढ़ाने पड़े हैं, जिससे ग्राहकों की संख्या में कमी देखी जा रही है। बावजूद इसके, दीपोत्सव की तैयारियों में स्थानीय कलाकार पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं।

Views Today: 6
Total Views: 360

