अनोखा तीर, हरदा। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जिले में 18 वर्ष तक के दिव्यांगजनों के चिन्हांकन के लिए16 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में चिन्हांकन के बाद दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड प्रदाय किए जाएंगे। ये शिविर प्रात: 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। उप संचालक सामाजिक न्याय कमलेश सिंह ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि शिविर स्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित होकर दिव्यांग प्रमाण-पत्र के लिये चिन्हांकन करावें ताकि शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके। जारी कार्यक्रम अनुसार 16 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र टिमरनी मे शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत एवं नगर परिषद टिमरनी के हितग्राही सम्मिलित होंगे। इसी प्रकार 27 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय हरदा में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत एवं नगर पालिका हरदा के वार्ड 1 से 15 के हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे। इसके अलावा 30 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खिरकिया में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत व नगर परिषद खिरकिया के हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार 3 नवम्बर को जिला चिकित्सालय हरदा में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत व नगर पालिका हरदा के वार्ड 16 से 35 के हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे। इसी प्रकार 6 नवम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रहटगांव में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत टिमरनी की सभी ग्राम पंचायतों के हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे। इसके अलावा 10 नवम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिराली में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद पंचायत खिरकिया की ग्राम पंचायतों एवं नगर परिषद सिराली के हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे।
दिव्यांगजनों के चिन्हांकन के लिए 16 अक्टूबर से लगेंगे शिविर

272 Views




