-विद्यार्थियों का रखा जा रहा पूरा ध्यान
अनोखा तीर, हरदा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की प्राचार्य सुश्री सोनिया आनंद ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय 10 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक ऑटम ब्रेक के अंतर्गत बंद चल रहा है, और इस दौरान विद्यालय के हॉस्टल में निवास करने वाले बच्चों के लिये किसी भी प्रकार का मैस संचालन नहीं किया जा रहा है। कुछ मीडिया प्लेटफार्मस में भोजन की समस्या को लेकर टिफिन में भोजन को दिखाया गया है, जिन बर्तन टिफिनों को दिखाया गया है वह बर्तन हमारे विद्यालय में बच्चों के बर्तन नहीं हैं। इस विद्यालय में बच्चों को भोजन टिफिन में नहीं दिया जाता है। इस विद्यालय में बच्चे, भोजन थाल में सामूहिक रूप से मैस में हॉस्टल वार्डन, केयर टेकर एवं हाउस मास्टर्स की निगरानी में भोजन ग्रहण करते हैं। विद्यालय बंद होने के बाद भी कुछ बच्चों और उनके अभिभावक द्वारा इस तरह से शिकायत किया जाना निश्चित रूप से तथ्यहीन और निराधार है। प्राचार्य सुश्री आनंद ने बताया कि 23 एवं 24 सितम्बर 2025 को विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें सभी 425 बच्चों को एल्बेंडाजोल टेबलेट भी प्रदान की गई थी। स्वास्थ्य शिविर में सभी बच्चे स्वास्थ्य पाये गये थे। संस्था में चौबीस घण्टे स्वास्थ्य कर्मी नियुक्त हैं। विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 425 बच्चों के अभिभावकों के साथ 8 अक्टूबर को पैरेंट टीचर मीटिंग का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रत्येक पैरेंट से हमारे विद्यालय के टीचर ने वन टू वन इंटेरक्शन किया और इस मीटिंग के दौरान भी अभिभावकों द्वारा किसी भी तरह की कोई भी समस्या से अवगत नही कराया गया। प्राचार्य सुश्री आनंद ने बताया कि विद्यालय में मेस संबंधी क्रियाकलापों के लिये एक मैकेनिज्म विकसित किया गया है, जिसमें प्रतिदिन का पूरे सप्ताह का मेनू, मेस कमेटी द्वारा बच्चों को भोजन देने से पूर्व उसकी गुणवत्ता को जांचना, भोजन करने के पश्चात रोटेशन वाइज प्रत्येक कक्षा के सभी बच्चों के द्वारा अपना फीडबैंक लिखना आदि शामिल है। बच्चों को मेस में उच्च गुणवत्ता पूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्द्धक भोजन ही प्रतिदिन मेन्यू के अनुसार प्रदान किया जाता है। विद्यालय में बच्चों को प्रदान किये गये भोजन से किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं आई हैं। विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को सत्र 2025-26 के लिये ड्रेस का वितरण, एनसीआरटी किताबों का वितरण, स्टेशनरी का वितरण डेली यूज आइटम, पेंसिल, मैप्स, यूनिफार्म इत्यादि का भी वितरण किया जा चुका है। उन्होने बताया कि इसके अतिरिक्त यदि फिर भी किसी भी व्यक्ति को विद्यालय प्रशासन से कोई समस्या अथवा शिकायत है तो वह कार्यालयीन कार्य दिवसों में सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के साथ विद्यालय आकर व्यवस्थाओं अवलोकन कर सकता है, या अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
Views Today: 2
Total Views: 272
