अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेन्स, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा में कला संकाय के अंग्रेजी विभाग द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एक दिवसीय राष्ट्रीय वेबिनार विकसित भारत विजन 2047 का आयोजन किया गया। यह वेबिनार गूगल मीट के माध्यम से विधिवत रूप से शुरू हुआ। वेबिनार संयोजक डॉ. राकेश सिंह परस्ते ने समस्त अतिथियों का स्वागत किया और वेबिनार की संकल्पना पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। उद्बोधन श्रृंखला में प्रशासनिक अधिकारी बीके. बिछोतिया ने महाविद्यालय का परिचय दिया और सभी को आयोजन से जुड़े रहने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय संरक्षक एवं प्राचार्य डॉ. संगीता बिले ने आमंत्रित अतिथियों, शिक्षाविदों और देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए वेबिनार के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालयीन आयोजन समिति के समस्त सदस्यों को साधुवाद एवं शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय वेबिनार के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय से डॉ. सुरेश गोहे ने भारत की प्राचीन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नवीन भारतीय संस्कृति के गौरवशाली इतिहास तथा आश्रम व्यवस्था की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक विकास में युवाओं की भूमिका, स्थानीय उत्पादनों के महत्व और भारत को विकसित राष्ट्र्र बनाने में हर क्षेत्र में अग्रसर होने की बात कही। विजन 2047 के लिए उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उचित कार्यान्वयन, स्वदेशी उत्पादों, ग्रामीण जागरूकता, पर्यावरणीय चुनौतियों और नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया तथा शिक्षकों को विद्यार्थियों को जीवन में प्रेरित करने की भूमिका निभाने का संदेश दिया। इसी सत्र में विशेष अतिथि प्रोफेसर राम गोपाल सिंह जादौन, गुजरात विद्यापीठ अहमदाबाद ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और उद्योग जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। द्वितीय सत्र में विशेष वक्ता के रूप में इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली से डॉ. गजराज सिंह ने विकसित राष्ट्र हेतु 2020 के कार्यान्वयन की अनिवार्यता और तकनीकी-वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर चर्चा की, साथ ही सामाजिक न्याय हेतु ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समानता पर जोर दिया। महाराष्ट्र से डॉ. चंद्रकांत बंशीधर भांगे ने शिक्षा और युवाशक्ति की महत्ता को विभिन्न क्षेत्रों के परिप्रेक्ष्य में समझाया। आयोजन के तकनीकी सत्र में देश के विभिन्न हिस्सों से ऑनलाइन जुड़े प्रतिभागियों एवं शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। वेबिनार के समापन सत्र में संयोजक डॉ. राकेश सिंह परस्ते ने वेबिनार का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. संगीता बिले ने वेबिनार से जुड़े समस्त सदस्यों और महाविद्यालयीन आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक शिक्षाविद, शोधार्थी, महाविद्यालय के विद्यार्थी और स्टाफ ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से जुड़े। उपस्थित प्रमुख स्टाफ में डॉ. यशवंत अलावा, धर्मेंद्र शाक्य, डॉ. रवि व्यास, मनीष परसाई, डॉ. सीके लोखंडे, डॉ.आशा गायकवाड, डॉ. प्रियंका राय, डॉ. परिधि सिंह, डॉ. राहुल सराठे, डॉ. पारसनाथ बेले, डॉ. अशोक पवार, डॉ. योगेश गौर शामिल थे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शितिका बरकले ने किया और आभार डॉ. रवींद्र सोनपुरे ने ज्ञापित किया।

Views Today: 8
Total Views: 312

