-स्व सहायता समूहों की बचत बढ़ाई जाएगी : कलेक्टर
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने कहा कि हरदा कृषि प्रधान जिला होने के साथ यहां ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के अलावा आजीविका के अन्य स्त्रोत भी तैयार किए जाएंगे। जिले में गठित स्वसहायता समूहों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। साथ ही समूहों की बचत बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होने कहा कि जिले में एग्रो प्रोसेसिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कलेक्टर शुक्रवार को इन्दौर के आईआईएम के जिले के भ्रमण पर आए विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिले में गठित स्व सहायता समूहों की वित्तीय प्रबन्धन व्यवस्था का भी निरन्तर विश्लेषण किया जा रहा है। कलेक्टर ने इस दौरान स्व सहायता समूहों द्वारा उत्पादित की जा रही सामग्री को बेहतर विक्रय प्लेटफार्म उपलब्ध कराने के उपायों पर भी चर्चा की। उल्लेखनीय है कि आईआईएम इन्दौर में अध्ययनरत 24 विद्यार्थी 6 से 10 अक्टूबर तक जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण पर आए थे। इस दौरान इन विद्यार्थियों ने हंडिया, चिकलपाट, छुरीखाल एवं रायबोर ग्रामों में पहुँच कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का अध्ययन किया। साथ ही ग्रामों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थितियों का फीड बैक कलेक्टर को दिया। कलेक्टर श्री जैन ने जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन व अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने के साथ इन विद्यार्थियों को जिले में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी।
Views Today: 6
Total Views: 214

