-जल जीवन मिशन योजना और भारी बारिश बनी वजह
अनोखा तीर, मसनगांव। ग्रामीण क्षेत्रों में बनी सीसी सड़कें अब अधिकांश गांवों में गायब हो चुकी हैं। शासन द्वारा जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए बीच सड़क में नालियां खोदी गई थीं, जिससे गलियों और मोहल्लों की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस वर्ष हुई अधिक बारिश ने स्थिति को और बदतर बना दिया है। बारिश के पानी और कीचड़ के कारण नालियों को भरने में डाली गई सीमेंट-कांक्रीट की परतें बाहर निकल आई हैं, जिससे सड़कें दलदल में बदल गई हैं। गांव के कई हिस्सों में सड़कें इतनी खराब हो चुकी हैं कि बीच सड़क पर पानी जमा होकर तलाई का रूप ले चुका है। बसंत नामदेव के घर के पास बीच सड़क में पानी भरा होने से वाहनों को निकालने में परेशानी हो रही है। ग्रामीण राजेश पाटील और संतोष छलौत्रे ने बताया कि गांव के अंतिम तिराहे पर पिछले दो वर्षों से सड़क की हालत बेहद खराब है, सड़क लगभग गायब हो चुकी है। कई बार पंचायत और जिला स्तर पर शिकायत करने के बावजूद अब तक नई सड़क का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे लोगों को कीचड़ और दलदल में चलना पड़ रहा है। जोशी कॉलोनी में भी सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण, गड्ढे और दलदल के कारण रहवासी परेशान हैं। ग्रामीण चक्रवर्ती मुकाती ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई नाली से सड़क दो हिस्सों में बंट गई और बाद में पूरी तरह खराब हो गई। इसी प्रकार इंदिरा आवास कॉलोनी में भी सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है। मुख्य सड़क पर जगह-जगह दरारें और गड्ढे बनने से वाहन चालकों को दुर्घटना का भय बना रहता है। ग्रामीण शिवम नायरे और गोपाल कहार ने बताया कि पहले पूरी कॉलोनी में सीसी सड़कें बनी थीं, लेकिन नल-जल योजना की पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कों को खोदने से वे पूरी तरह टूट चुकी हैं। स्टेट हाईवे से कॉलोनी तक जाने वाली सड़क अब गड्ढों और दरारों से भरी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव की सड़कों की मरम्मत कर नई सीसी सड़कें बनाई जाएं, ताकि आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
Views Today: 2
Total Views: 344

