खंडहर भवनों से हादसे की आशंका

-जिम्मेदारों की लापरवाही से कभी भी हो सकती है दुर्घटना
अनोखा तीर, हंडिया। नगर के विभिन्न वार्डों में खण्डहर अवस्था में खड़े पुराने मकान और दीवारें हादसे को न्योता दे रही हैं। स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत को बार-बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आसपास के रहवासी और स्कूल के बच्चे निरंतर भय में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई मकान सैकड़ों साल पुराने हो चुके हैं और गिरने की स्थिति में हैं। ऐसे भवनों के मालिकों को ग्राम पंचायत द्वारा नियम अनुसार कानूनी नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में स्वयं ध्वस्त कराने या प्रशासन से अनुमति लेकर उन्हें जमींदोज कराने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके साथ ही जर्जर शासकीय भवनों को भी प्राथमिकता के आधार पर धराशाही कराया जाना आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के आवास भी खतरे में
हण्डिया स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मचारियों के सरकारी आवास भी लोक निर्माण विभाग द्वारा कंडम घोषित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कर्मचारी उन्हीं जर्जर भवनों में रहने को मजबूर हैं। सवाल यह उठता है कि जब वरिष्ठ अधिकारियों ने इन भवनों को खाली करने के लिए 15 दिन की समय सीमा तय की थी, तो फिर अब तक उन्हें खाली क्यों नहीं किया गया? स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इन खण्डहरनुमा और कंडम भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

357 Views

Leave a Reply