प्राकृतिक एवं जैविक कृषि को बढ़ावा देने बैठक संपन्न

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि को प्रोत्साहित करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप संचालक कृषि, सहायक संचालक कृषि तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने निर्देश दिए कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों के उत्पादों के विपणन हेतु आउटलेट स्थापित किए जाएं, ताकि उन्हें उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित किया जाए एवं समय-समय पर पुरस्कृत किया जाए, जिससे अन्य किसान भी जैविक खेती की ओर अग्रसर हों। कलेक्टर श्री जैन ने यह भी निर्देशित किया कि प्राकृतिक/जैविक खेती करने वाले किसानों को निजी आदान विक्रेताओं के माध्यम से उत्प्रेरित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस दिशा में जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों में जैविक खेती से संबंधित डॉक्यूमेंट्री या पॉडकास्ट प्रदर्शित किए जाएं, जिससे किसानों में जागरूकता बढ़े। प्रत्येक विकासखण्ड में प्राकृतिक/जैविक खेती करने वाले अथवा रुचि रखने वाले किसानों को जैविक कृषि अनुसंधान केन्द्रों या प्रगतिशील किसानों के खेतों पर भ्रमण एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री जैन ने आगे बताया कि पशुपालन विभाग एवं कृषि विभाग संयुक्त रूप से टीम बनाकर तीनों विकासखण्डों में रैली आयोजित करें, जिससे किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित किया जा सके। साथ ही, कार्यालय उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला हरदा में प्राकृतिक/जैविक खेती करने वाले किसानों के लिए हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है, जहाँ किसान मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिले में संचालित गौशालाओं में बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री जैन द्वारा दिए गए, जिससे जैविक खेती के लिए आवश्यक सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सके। इस बैठक का उद्देश्य जिले में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि को एक जन आंदोलन के रूप में विकसित करना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है।

Views Today: 4

Total Views: 252

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!