अखंड सुहाग का पर्व करवा चौथ आज मनाया जाएगा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

– मेहंदी की खुशबू और साड़ियों की रौनक से सजे बाजार, ब्यूटी पार्लरों में उमड़ी भीड़
अनोखा तीर, हरदा। अखंड सुहाग और अटूट प्रेम का प्रतीक करवा चौथ आज पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। सुहागिनें दिनभर निर्जल व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। रात में चन्द्रमा के दर्शन कर छलनी से पति का मुख देखकर व्रत खोलना इस पर्व की सबसे पवित्र और भावनात्मक परंपरा है।
बाजारों में दिखी करवा चौथ की रौनक
गुरुवार को त्यौहार की तैयारियों ने शहर के बाजारों को पूरी तरह सजा दिया। सड़कों पर रंग-बिरंगे स्टॉल, चमकती साड़ियां और चूड़ियों की खनक ने पूरे माहौल को त्योहारमय बना दिया। महिलाएं सुहाग सामग्री, चूड़ियां, हार-कंगन, साड़ियां और रेडीमेड सूट की खरीदारी में व्यस्त रहीं। मिठाई की दुकानों, फल विक्रेताओं और पकवान की दुकानों पर भी खूब भीड़ देखी गई।
ब्यूटी पार्लरों में उमड़ी भीड़, मेहंदी की खुशबू से महका माहौल
शहर भर के ब्यूटी पार्लरों और मेहंदी आर्टिस्टों के यहां महिलाओं की लंबी कतारें लगीं। सेंटरों में मेहंदी लगवाने आई महिलाओं की भीड़ ने त्योहारी उमंग को नई ऊंचाई दी। बाल साज-सज्जा, फेस पैक, हेयर स्टाइलिंग और मेकअप करवाने के लिए महिलाएं घंटों इंतजार करती रहीं। मेहंदी की महक और पार्लरों की रौनक ने करवा चौथ की तैयारियों को खास बना दिया। शुक्रवार तड़के सूर्योदय से पहले महिलाएं व्रत धारण करेंगी। शाम को कथा सुनने के बाद चाँद के दर्शन कर व्रत खोलेंगी। सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष और बच्चे भी परिवार के साथ उत्सव की खरीदारी में शामिल रहे।  करवा चौथ ने बाजारों की रौनक को नई चमक दी है। परंपरा के अनुसार, महिलाएं इस दिन अपनी सास या पति द्वारा भेंट की गई नई साड़ी या सूट पहनती हैं, जिससे त्योहार का सौंदर्य और बढ़ जाता है। यह पर्व न केवल पति-पत्नी के पवित्र बंधन का प्रतीक है, बल्कि परिवार और समाज में प्रेम, एकता और आस्था का संदेश भी देता है।

Views Today: 2

Total Views: 242

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!