-हत्या के बाद बच्चों को लेकर मायके पहुंची आरोपी पत्नी
अनोखा तीर, हरदा। नर्मदापुरम जिले के रोहना गांव में हुई हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। महिला ने मंगलवार 7 अक्टूबर तड़के करीब 4 बजे पति का गला रेतकर उसे मार डाला। इसके बाद शव को घर से 20 मीटर दूर खेत में फेंक दिया। वारदात के समय घर में दंपती के 5 बच्चे सो रहे थे। गिरफ्तारी के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि पति राजू अक्सर शराब के नशे में उससे और बच्चों से मारपीट करता था। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सेवंतीबाई (28) ने अपने नशेड़ी पति राजू धुर्वे (32) की हंसिया से गला रेतकर हत्या की। मारने के बाद उसने शव को घसीटकर खेत में फेंका। बचने के लिए घर पर फैले खून को साफ कर दिया। इसके बाद वह सुबह करीब 8 बजे अपने पांचों बच्चों को लेकर हरदा जिले के सिराली गांव स्थित मायके चली गई थी।
धान की फसल में मिला शव
देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि राजू धुर्वे हरदा जिले के सिराली का रहने वाला था और पिछले एक महीने से रोहना गांव में सुधीर कुमार चौहान के खेत पर मजदूरी कर रहा था। वह खेत में बने एक कच्चे मकान में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। आरोपी सेवंतीबाई ने बताया कि उसके 5 बच्चे है। उसने राजू धुर्वे से 7 साल पहले लव मैरिज की थी। शादी से पहले वह अच्छी-अच्छी बातें करता था। शादी के बाद समय अनुसार तीन बेटियों का जन्म हुआ। इसके बाद दो बेटे भी हुए। पांचवां बेटा 2 महीने का है। पति नशे का आदी था। शराब के नशे में पत्नी और बच्चों को मारता था। महिला ने बताया कि पति दो साल के बेटे को भी मारता था। उसे कहता था कि तूने पहले बेटियों से पहले जन्म क्यों नहीं लिया, नहीं तो इतने बच्चे पैदा नहीं करता। वह उसे और बेटियों को भी मारता था। सोमवार रात को भी उसने शराब के नशे में मारपीट की थी। बेटे को भी मारा था।
खेत में शव उल्टा पड़ा था, गले पर दो घाव मिले
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खेत मालिक का बेटा अमरूद तोड़ने गया था, तभी उसने शव देखा। शव धान की फसल के बीच उल्टा पड़ा था। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। गले पर धारदार हथियार के दो घाव मिले। एक घाव इतना गहरा था कि उसकी सांस की नली कट गई थी। इसी वजह से उसकी मौत हुई।
पति का गला रैतकर मौत के घाट उतारा

305 Views


