अनोखा तीर, हरदा। हरदा के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत सभी औद्योगिक इकाइयों ने विद्युत व्यवस्था में लगातार हो रही परेशानियों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन कलेक्टर हरदा के माध्यम से प्रेषित किया गया। औद्योगिक क्षेत्र की ओर से ज्ञापन में प्रमुख समस्याओं के रूप में अघोषित विद्युत कटौती, बार-बार ट्रिपिंग, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव और एक फेस कम आने की समस्या बताई गई है। उद्योगपतियों ने बताया कि बार-बार ट्रिपिंग के कारण मशीनों का संचालन प्रभावित हो रहा है, उत्पादन क्षमता में कमी आ रही है और कई बार मशीनें जल भी रही हैं। कभी फेस और कभी न्यूट्रल गायब हो जाने से मशीनों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया है कि यदि किसी कारण विद्युत कटौती करनी पड़े तो इसकी पूर्व सूचना मोबाइल संदेश के माध्यम से उद्योगपतियों को दी जाए ताकि वे समय रहते अपनी व्यवस्थाएं कर सकें। मेंटनेंस के नाम पर कई बार विद्युत कटौती की गई, लेकिन वास्तविक में कहीं मेंटनेंस होते हुए दिखाई नहीं देता। औद्योगिक क्षेत्र के लिए वर्ष 2004-05 में ग्वाल नगर फीडर स्थापित किया गया था, ताकि उद्योगों को पर्याप्त और सुचारू बिजली उपलब्ध हो सके। लेकिन समय के साथ इस फीडर से अन्य क्षेत्रों को भी बिजली देने के कारण औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई। औद्योगिक क्षेत्र के सभी उद्योगपतियों ने निवेदन किया है कि ग्वाल नगर फीडर को पुन: औद्योगिक क्षेत्र हरदा के लिए संरक्षित किया जाए और विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए। बिगड़ी हुई विद्युत व्यवस्था के कारण कई इकाइयां नुकसान में हैं और बंद होने की कगार पर हैं, इसलिए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता है। ज्ञापन समस्त उद्योगपतियों की ओर से हरदा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा सौंपा गया।
औद्योगिक क्षेत्र की बिगड़ी विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग, सौंपा ज्ञापन

240 Views


