-गंदगी और बदबू से ग्रामीण व विद्यार्थी परेशान
-पंचायत की लापरवाही का खामियाजा जनता उठा रही
अनोखा तीर, सोडलपुर। टिमरनी विकासखंड की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत सोडलपुर में स्वच्छता पखवाड़े के तहत गांव का पूरा कचरा मुख्य मार्ग के किनारे डाल दिया गया है। इससे मार्ग के दोनों ओर गंदगी और दुर्गंध फैल गई है, जिसके कारण ग्रामीणों और सैकड़ों विद्यार्थियों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत ने स्वच्छता पखवाड़े के दौरान जगह-जगह बने नाडेप गड्ढों का कचरा जेसीबी से निकालकर ट्रालियों के माध्यम से मुख्य मार्ग के किनारे खाली जगह पर भरने के लिए डाल दिया था। करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी पंचायत ने इस कचरे को न तो फैलाया है और न ही उसकी सफाई की है। इस कारण प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले सैकड़ों ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बदबू और गंदगी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है। यदि समय रहते पंचायत इस कचरे को जेसीबी से फैलाकर उस पर बजरी डाल देती तो परेशानी नहीं होती। वहीं, नल-जल योजना का पानी लीकेज होने से सड़क पर लगातार पानी फैल रहा है। एक ओर कचरा और दूसरी ओर पानी बहने से पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाली छात्राओं को दुर्गंध और गंदगी के कारण मुंह पर कपड़ा रखकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीण हरिओम रायखेरे, दिनेश मुकाती और दिनेश कछवाह ने बताया कि ग्राम पंचायत को इस ओर तुरंत ध्यान देकर कचरे की उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
इनका कहना है…
लगातार बारिश के कारण कचरे को फैलाया नहीं जा सका। जल्द ही जेसीबी से कचरे को फैलाकर उस पर बजरी और मिट्टी डाली जाएगी। नल जल का लीकेज पानी भी बंद कराया जाएगा।
-बालाराम गुर्जर, सचिव ग्राम पंचायत सोडलपुर
Views Today: 2
Total Views: 298

