आम किसान यूनियन ने पंचायत स्तर पर निकाली ट्रैक्टर रैली

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-मांगों पर सुनवाई न हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
अनोखा तीर, हरदा। आम किसान यूनियन अपनी मांगों को लेकर प्रत्येक पंचायत स्तर पर ट्रैक्टर रैली व ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत धानवानीमा, जीजगांव, राता तलाई, हेमापुर और मैं में विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई और ग्राम पंचायत के सरपंच व सचिव को मांगों सहित ज्ञापन प्रेषित किया गया। किसानों ने रैली के माध्यम से शासन से तत्काल और स्पष्ट कार्रवाई की माँग की।
यूनियन की प्रमुख मांगें
अतिवृष्टि, कीट व वायरस से नष्ट हुई फसलों का तुरंत सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाए तथा नष्ट हुई फसल की अनावृत्ति सार्वजनिक की जाए, ताकि किसान बीमा का लाभ प्राप्त कर सकें।
-वर्तमान में लागू भावांतर योजना को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए एवं समस्त फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाए।
-वर्ष 2018 की भावांतर की बकाया राशि जल्द से जल्द किसानों को दी जाए।
-रासायनिक उर्वरक की उपलब्धता प्रत्येक पंचायत स्तर पर समिति के माध्यम से ऋणी व अनऋणी किसानों के लिए सुनिश्चित की जाए।
-पंचायत राता तलाई में बेसहारा मवेशियों के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और सड़कों पर दुर्घटनाएं हो रही हैं उनका उचित प्रबंधन कराना व गौशालाओं में स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए।
-प्रत्येक खेत के रास्तों का अर्थ वर्क (सुधार/रखरखाव) किया जाए।
किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान भावांतर योजना किसानों के साथ छलावा है और इससे केवल व्यापारी व बिचौलिये ही लाभान्वित हो रहे हैं; सरकार को अपनी भावांतर नीति तत्काल समाप्त करनी चाहिए। ग्राम राता तलाई के किसान नारायण सियाग, शेखर डूडी और विनोद खेरवा ने इस बात पर जोर दिया। ग्राम जीजगांव व डगांवा के किसानों राजवीर गोलिया व मनीष पटेल ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार द्वारा घोषित है, फिर भी किसानों को भाव क्यों नहीं मिल रहा। किसान मनोज ग्वाला ने कहा कि जिन किसानों की सोयाबीन और मक्का की फसलें खराब हुई हैं उन्हें तुरंत राहत राशि दी जाए और पारदर्शी सर्वे कर बीमा का उचित लाभ दिलाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो जल्द ही भोपाल को जाम कर बड़े आंदोलन किए जाएंगे। उपस्थित किसानों में भगत डूडी, नन्हेलाल जाखड़, नरेंद्र गोलिया, पवन खेरवा, रखुविर सिंह राजपूत, जगदीश कुशवाह, मुकेश डूडी, बलवीर सिंह राजपूत, लोकेन्द्र सिंह राजपूत, राहुल डूडी सहित अनेक किसान शामिल रहे।

Views Today: 2

Total Views: 320

Leave a Reply

error: Content is protected !!