-80 विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर दी नि:शुल्क दवाएं
अनोखा तीर, हरदा। आदर्श महाविद्यालय हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सेवा सदन नेत्रालय की चिकित्सक टीम ने विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर सेवाएं प्रदान कीं। इस टीम में डॉ. ओमनाथ पांडे, विवेक मालवीय और जितेंद्र जाधव शामिल थे। शिविर में कुल 80 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई, जिनमें आंखों की सामान्य समस्याएं जैसे लाल होना, पानी गिरना, कम दिखाई देना आदि की पहचान कर उचित परामर्श और नि:शुल्क दवाएं दी गईं। साथ ही विद्यार्थियों के चश्मे की भी जांच की गई। महाविद्यालय के डायरेक्टर उमर रऊफ ने कहा कि आंखें हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं, जो हमें अच्छी और बुरी चीजों को देखने व परखने की क्षमता देती हैं। आबिद अली ने कहा कि मोबाइल और लैपटॉप के अत्यधिक उपयोग से विद्यार्थियों में आंखों की समस्याएं बढ़ रही हैं, इसलिए संस्था द्वारा समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। सेवा सदन नेत्रालय की टीम को महाविद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा संस्था की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी तपिश सोलंकी, रेड रिबन क्लब प्रभारी प्रभुदयाल उमरिया, सहायक प्राध्यापक गणेश विश्वकर्मा, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी छाया लोगरे और सहायक प्राध्यापिका योगिता गौर का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Views Today: 8
Total Views: 298

