नया आंगनबाड़ी भवन एक साल में ही खराब, छत से रिसाव और दीवारों में खराबी

अनोखा तीर, मसनगांव। गांव में दो साल के निर्माण के बाद बनाए गए नए आंगनबाड़ी भवन की छत से रिसाव होने के कारण दीवारें खराब होने लगी हैं। भवन को बने हुए एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन बारिश के समय छत से पानी टपकने के कारण न केवल भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि छोटे बच्चों और माताओं के लिए भवन में बैठना भी मुश्किल हो गया है। भवन का निर्माण पंचायत के माध्यम से ठेकेदार द्वारा कराया गया था, लेकिन कमजोर छत और पानी टपकने से आंगनबाड़ी में गीला पन बना हुआ रहता है। बारिश के दौरान छत से पानी की बूंदें भवन में गिरने से वहां रहने वालों को असुविधा होती है। ग्रामीण विश्राम, राजाराम और राजू ने बताया कि भवन की गुणवत्ता सही न होने के कारण सामने बनाई गई पेड़ी की टाइलें भी टूट-फूट रही हैं। दीवारों का रंग रोगन निकलने से काई जमी हुई है और अंदर तक कीचड़ जमा हुआ है। साथ ही, भवन की गैलरी में चैनल गेट नहीं होने के कारण असमाजिक तत्व भवन को क्षति पहुंचा रहे हैं। गांव के इंदिरा आवास कॉलोनी में बने इस आंगनबाड़ी केंद्र की लागत लगभग नौ लाख रुपए से अधिक है। यह गांव का पहला आंगनबाड़ी केंद्र है, लेकिन गुणवत्ता पूर्ण भवन का निर्माण न होने से इसकी स्थिति केवल एक साल में ही खराब होने लगी है, जिससे छोटे बच्चों और माताओं को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पंचायत सचिव नंदलाल बघेल ने बताया कि भवन निर्माण की अंतिम किश्त नहीं मिल सकी है, जिससे कुछ कार्य बकाया हैं। महिला बाल विकास एवं आंगनबाड़ी विभाग द्वारा राशि जारी किए जाने के बाद शेष कार्य पूरा कराया जाएगा।

395 Views

Leave a Reply