राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शताब्दी पर्व पर निकाला पथ संचलन

-ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
अनोखा तीर, सोडलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में मंगलवार को ग्राम सोडलपुर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के कान्हा बाबा मैदान से हुआ, जहां स्वयंसेवक संघ के सभी सदस्य एकत्र हुए। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने उद्बोधन दिया और स्वयंसेवकों से समाज में जागरूकता और संगठन की भावना को बढ़ाने का आह्वान किया। पदाधिकारियों ने कहा कि स्वयंसेवक संघ के सदस्य देश के जिम्मेदार नागरिक हैं, जिन्हें समाज को जागरूक कर संगठित करना है। आगामी एक वर्ष तक चलने वाले कुटुंब प्रबोधन अभियान के तहत पेड़ लगाना, प्लास्टिक का कम उपयोग करना, राष्ट्रभाषा और नारी शक्ति का सम्मान, स्वदेशी अपनाना तथा स्वावलंबन की दिशा में कार्य करने जैसे विषयों पर विशेष बल दिया जाएगा। पथ संचलन के लिए पूरे गांव को ग्रामीणों ने रंगोली और सजावट से सुसज्जित किया। पूर्ण गणवेश में घोष दल की अगुवाई में कदमताल करते हुए पथ संचलन निकाला गया, जो गुठान मोहल्ला, बाजार चौक, चौधरी मोहल्ला, मालीपुरा, रहटगांव रोड, पटेल मोहल्ला और हनुमान मोहल्ला होते हुए वापस कान्हा बाबा चौक पर संपन्न हुआ। पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान टिमरनी थाना प्रभारी मुकेश गौड़, एएसआई हेरम पांडे, एसआई अभय मवासे, आरक्षक अर्जुन लोवंशी, शैलेंद्र राजपूत और धर्मेंद्र पटवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

308 Views

Leave a Reply