मीडिएशन फॉर द नेशन योजना के तहत पक्षकारों को मिला न्याय

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-90 दिवसीय विशेष अभियान
-जिले में 61 प्रकरणों तथा मध्यप्रदेश में 4,552 मामलों का मध्यस्थता से निपटारा
अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं उच्चतम न्यायालय की मीडिएशन एंड कन्सिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी के निर्देशानुसार देशभर में मीडिएशन फॉर द नेशन शीर्षक से 90 दिवसीय विशेष मध्यस्थता अभियान 1 जुलाई से 7 अक्टूबर 2025 तक संचालित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य लंबित प्रकरणों का मध्यस्थता के माध्यम से समाधान कर त्वरित और सुलभ न्याय सुनिश्चित करना था। मध्यप्रदेश राज्य में यह अभियान माननीय न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, मुख्य न्यायाधिपति, उच्च न्यायालय जबलपुर एवं मुख्य संरक्षक, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की प्रेरणा तथा माननीय न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन, कार्यपालक अध्यक्ष, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के दौरान मध्यप्रदेश में कुल 4552 प्रकरणों का सुलह-सहमति के आधार पर निपटारा किया गया, जिनमें कई वर्षों से लंबित एवं संवेदनशील मामले भी शामिल रहे। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा वर्षों से लंबित 61 मामलों का मध्यस्थता के माध्यम से समाधान किया गया। इनमें पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, विभाजन, बेदखली, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य सिविल विवादों से संबंधित प्रकरण सम्मिलित थे। उल्लेखनीय है कि मीडिएशन फॉर द नेशन राष्ट्रीय स्तर पर संचालित योजना है, जिसे नालसा एवं उच्चतम न्यायालय की मीडिएशन एवं कंसिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी द्वारा 1 जुलाई 2025 को प्रारंभ किया गया था। इसका उद्देश्य न केवल लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करना है, बल्कि आमजन को मध्यस्थता की प्रभावशीलता, कम लागत एवं समय की बचत जैसे लाभों के प्रति जागरूक करना भी है।  यह अभियान देशभर के सभी न्यायालयों तालुका से लेकर उच्च न्यायालय तक में संचालित किया गया। इसके तहत विभिन्न प्रकार के सिविल, पारिवारिक और वाद-विवाद वाले मामलों में पक्षकारों के बीच संवाद, सहयोग और समझौते की भावना को प्रोत्साहित किया गया। यह पहल न केवल न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ कम करती है, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और समरसता को भी बढ़ावा देती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा ने बताया कि वह भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखेगा, ताकि आमजन को शीघ्र, सुलभ और संतुलित न्याय प्राप्त हो सके।

Views Today: 2

Total Views: 298

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!