आम किसान यूनियन ने पंचायत स्तर पर निकाली ट्रैक्टर रैली

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-सरपंच व सचिव को सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। आम किसान यूनियन अपनी मांगों को लेकर प्रत्येक पंचायत स्तर पर ट्रैक्टर रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत गोगिया, घोड़ाकुंड, बिचकुड़ी, गांगखेड़ी, रिजगांव और नांदरा में विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई और प्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत सरपंच व सचिव को अपने मांगों का ज्ञापन प्रेषित किया। रैली में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी मांगों पर निश्चित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
आम किसान यूनियन की प्रमुख मांगें
अतिवृष्टि, कीट तथा वायरस से नष्ट हुई फसलों का तुरंत सर्वे किया जाए और किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाए। नष्ट हुई फसल की जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि किसान बीमा का लाभ भी प्राप्त कर सकें।
-वर्तमान में जारी भावांतर योजना को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए तथा समस्त फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाए।
-वर्ष 2018 के भावांतर की बकाया राशि जल्द से जल्द किसानों को प्रदान की जाए।
– रासायनिक उर्वरक की उपलब्धता प्रत्येक पंचायत स्तर पर समितियों के माध्यम से ऋणी व अऋणी किसानों के लिए सुलभ कराई जाए।
-पंचायत क्षेत्रों में बेसहारा मवेशियों के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और सड़कों पर दुर्घटनाएं हो रही हैं, उनका उचित प्रबंधन कर गौशालाओं में किया जाए।
-प्रत्येक खेत तक पहुँचने वाले रास्तों का अर्थ वर्क कराया जाए।
ग्राम गोगिया के किसान रणवीर पटेल तथा घोड़ाकुंड के किसान अर्जुन जाट ने कहा कि वर्तमान भावांतर योजना किसानों के साथ छलावा सिद्ध हो रही है और इसका लाभ केवल व्यापारियों व बिचौलियों को मिल रहा है; अत: सरकार को अपनी भावांतर नीति तत्काल समाप्त करनी चाहिए। ग्राम नांद्रा के किसान अरुण पुनिया एवं पवन गोरा ने प्रश्न उठाया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार द्वारा घोषित है, फिर किसानों को समर्थन क्यों नहीं मिल रहा। ग्राम बिचकुंड़ी के किसान ललित लाठी ने कहा कि जिन किसानों की सोयाबीन व मक्का की फसल खराब हुई है, उन्हें शीघ्र राहत राशि दी जाए और पारदर्शिता से सर्वे कर बीमा का उचित लाभ दिलाया जाए; यदि सरकार उनकी मांगों पर फैसला नहीं करती है तो जल्द भोपाल को जाम करने की चेतावनी दी जाएगी। उपस्थित किसानों में जुगल पटेल, आनंद पटेल, गणेश पटेल, किरण पटेल, धर्मेंद्र पटेल, लक्ष्मीनारायण सेवर, संतोष कांठीया, दीपक सिलगावा, अशोक माटे आदि शामिल रहे। वर्तमान में आम किसान यूनियन द्वारा जिले की 30 ग्राम पंचायतों में ट्रैक्टर रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में जिले की समस्त पंचायतों में यह अभियान जारी रखा जाएगा। आम किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती है तो वे जिला स्तर व राजधानी स्तर पर विशाल व अनिश्चितकालीन प्रदर्शन करेंगे, इसकी सम्पूर्ण जवाबदारी मध्य प्रदेश सरकार की मानी जाएगी।

Views Today: 2

Total Views: 264

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!