अनोखा तीर, हरदा। पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में खिलता कमल जनकल्याण सामाजिक संस्थान के सौजन्य से तथा आर.पी. फाउंडेशन और पीपुल्स हॉस्पिटल, भानपुर भोपाल के सहयोग से दो दिवसीय विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन सनफ्लावर इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा में किया गया। यह शिविर आर.पी. फाउंडेशन एवं पीपुल्स ग्रुप के वाइस चेयरमैन और फाउंडेशन के संस्थापक रोहित पंडित के नेतृत्व में आयोजित हुआ। फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है। संस्था केवल स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और संस्कृति संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय है।
दो दिवसीय इस शिविर में कुल 6771 लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें
400 से अधिक ईसीजी, 200 से अधिक सोनोग्राफी, 700 से अधिक आर.बी.एस. जांच, 500 से अधिक डिजिटल एक्स-रे, तथा 3000 से अधिक रक्त जांच शामिल थीं। सभी मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जबकि लगभग 300 गंभीर मरीजों को उन्नत उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया। इसी दौरान 50 से अधिक समाजसेवियों ने रक्तदान कर जनसेवा की मिसाल पेश की। आर.पी. फाउंडेशन सेवा, सहयोग और समाज कल्याण का प्रतीक है। संस्था नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण, शिक्षा सहायता, महिला जागरूकता कार्यक्रम और कला-संस्कृति संरक्षण की दिशा में कार्य करती है। खिलता कमल जनकल्याण सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष संदीप पटेल ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कारणों से इलाज से वंचित न रहे। यह शिविर जनसेवा की भावना को साकार करता है। आर.पी. फाउंडेशन के सचिव एवं पीपुल्स विश्वविद्यालय के कार्यकारी निदेशक अंकित द्विवेदी ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा जन सेवा कार्ड उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सहायता से जुड़ी सुविधाएं प्राथमिकता के साथ प्रदान की जाती हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कमल पटेल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक मंजू दादू, आर.पी. फाउंडेशन के अनिरुद्ध पंडित, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Views Today: 2
Total Views: 198

