देर सुबह तक चला विराट कवि सम्मेलन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-हरदा के विकास के लिए कृत संकल्पित हूं : कमल पटेल
अनोखा तीर, हरदा। पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के जन्मदिन के अवसर पर मिडिल स्कूल ग्राउंड में आयोजित अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन ऐतिहासिक रहा, जो देर रात से लेकर सुबह 5 बजे तक चला। यह कवि सम्मेलन लगातार 20वें वर्ष आयोजित किया गया, जिसमें ग्राउंड काव्य प्रेमियों से खचाखच भरा रहा। अपने जन्मदिन पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कमल पटेल ने कहा कि हमें एक रहना है, समाज और जाति में बंटना नहीं है। एक रहेंगे तो नेक रहेंगे की भावना के साथ उन्होंने कहा कि हरदा जिले को देश में प्रथम स्थान पर लाना मेरा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आप सभी के स्नेह और सम्मान से मैं अभिभूत हूं और हरदा के विकास के लिए पूर्णत: कृत संकल्पित हूं। कार्यक्रम की शुरुआत देश की सुप्रसिद्ध कवियत्री डॉ. भुवन मोहनी ने मां सरस्वती की वंदना से की। कवि सम्मेलन का सफल संचालन प्रख्यात मंच संचालक शशिकांत यादव ने किया। हास्य कवि धीरज शर्मा ने अपने व्यंग्य और हास्य से श्रोताओं को खूब हंसाया। इसके बाद पुणे से पधारी आईटी प्रोफेसर और श्रृंगार रस की कवियत्री निधि गुप्ता ने अपनी कविता तुमने तो मुझको प्यार में पागल बना दिया सुनाकर माहौल को रोमांचित कर दिया। वीर रस के प्रसिद्ध कवि अपूर्व विक्रम शाह ने अपने गीत रावण नहीं हम पलने देंगे साधुओं के वेश में, और अफजल नहीं पनप सकते हैं अब्दुल कलाम के देश में पर सभागार को तालियों से गूंजा दिया।
हास्य कवि दिनेश देशी घी ने अपनी पेरोडियों और व्यंग्य रचनाओं से एक घंटे तक लोगों को ठहाकों पर मजबूर किया। उनके गीत सारे जग में मोदी जी तूने देश का ऊंचा नाम किया. पर श्रोताओं ने खूब तालियां बजाईं। कवियत्री डॉ. भुवन मोहनी और संचालक शशिकांत यादव के बीच हुई नोकझोंक दर्शकों को खूब पसंद आई। डॉ. मोहनी के लोकप्रिय गीत हो गई हो गई रे बावरिया और ऊपर था महुआ नीचे कुआं, पानी पीकर यह क्या हुआ पर भी खूब तालियां बजीं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में हास्य के जादूगर जानी बैरागी ने मंच संभाला। उनकी रचनाएं मैं अपने घर से सीधा कवि सम्मेलन में आया हूं, अपन रोते नहीं फिरते जैसी पंक्तियों पर दर्शक हंसी से लोटपोट हो गए।
अंत में कमल सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष संदीप पटेल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोद, संतोष पारीक, संयोजक देवीसिंह सांखला एवं संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और काव्य प्रेमी उपस्थित रहे।

Views Today: 2

Total Views: 452

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!