-ग्राम सभाओं ने पारित किया 70 प्रतिशत फसल नुकसान का प्रस्ताव
-सोमवार को सौंपा जाएगा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में इस वर्ष खरीफ फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान आक्रोश मोर्चा के आह्वान पर 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन जिले की अधिकांश ग्राम सभाओं में सर्वसम्मति से 70 प्रतिशत फसल नुकसान का प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रस्ताव किसानों की बिगड़ती आर्थिक स्थिति और गहराते कृषि संकट को देखते हुए लिया गया है। मोर्चा ने बताया कि सूखा, अनियमित बारिश और कीट प्रकोप के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। इससे किसान कर्ज, खाद-बीज की लागत और आगामी रबी फसल की तैयारी को लेकर गंभीर संकट में हैं। मोर्चा के शैलेंद्र वर्मा और अमन दुबे ने जानकारी दी कि सोमवार को किसान प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा। इसमें प्रमुख मांगें होंगी,
-जिले में 70 प्रतिशत या उससे अधिक फसल नुकसान की आधिकारिक घोषणा, किसानों को पूरा फसल बीमा और मुआवजा प्रदान किया जाए, रबी फसल के लिए बीज, खाद और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, फसल नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट शासन को भेजी जाए।
मोर्चा ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में किसानों के साथ है, तो इस संकट की घड़ी में किसानों को राहत प्रदान कर उनका विश्वास कायम रखना होगा। ज्ञापन के साथ ग्राम सभाओं द्वारा पारित प्रस्तावों की प्रतियां भी प्रशासन को सौंपी जाएंगी।
Views Today: 2
Total Views: 216
