-नहरों में जमी गाद और झाड़ियों के कारण सिंचाई बाधित
अनोखा तीर, हरदा। क्षेत्र की नहरों की सफाई नहीं होने के कारण किसानों को सिंचाई में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मिट्टी और झाड़ियों के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुँच पा रहा है, जिससे जल संसाधन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सरकारी नहरों की सफाई दशकों से औपचारिकता भर रह गई है। हर साल सफाई का कार्य केवल दिखावा ही बनकर रह जाता है। ऐसा ही हाल अबगांव से रातातलाई होकर बहने वाली पुरानी हण्डिया मेन नहर का है। इस नहर में बीच-बीच में कई फुट गाद जमी हुई है और उगी झाड़ियां नहर के अस्तित्व को खतरे में डाल रही हैं। सफाई के अभाव में इस नहर में 50 क्यूसिक पानी भी आसानी से नहीं बह पाता। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले तीन साल से इस नहर की सफाई नहीं हुई है। विश्व मानवाधिकार परिषद ने इस संबंध में जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है। किसानों का कहना है कि नहरों में मिट्टी भर जाने से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है और पर्याप्त सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने जल्द से जल्द नहरों की सफाई और नियमित देखभाल की मांग की है, ताकि खेतों में पानी की समस्या दूर हो सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
तीन साल से नहीं हुई सफाई

218 Views


