-वाहन चालक पर प्रकरण दर्ज
-अभिरक्षा में लिया पुलिस का डायल 112 वाहन
अनोखा तीर, बड़वाह। शहर के बस स्टैंड पर उस समय एक बुजुर्ग पुलिस की 112 डॉयल नंबर कार की चपेट में आ गया जब वह अपनी बहन के साथ अपने घर जाने के लिए पेड़ के नीचे बैठकर बस का इंतजार कर रहा था। इस घटना में बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आने और खून अधिक बह जाने से उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उदयनगर के नजदीकी ग्राम सीतापुरी निवासी काशीराम (पिता जिरभार) अपनी छोटी बहन राधी बाई के साथ बड़वाह आए थे। वह दोनों न्यायालय परिसर में वकील से चर्चा करने पहुंचे थे। वापस लौटते वक्त दोपहर में वह बस स्टैंड पहुंचे और काटकूट जाने वाली बस का इंतजार करने पेड़ के नीचे बैठ गए। इस दौरान अचानक डायल 112 वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन को घुमा दिया। तभी वाहन का पहिया सीधे बुजुर्ग पर चढ़ गया। घायल अवस्था में काशीराम को उपचार के लिए उसी पुलिस वाहन से शासकीय अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी अर्चना रावत और टीआई बलराम राठौड़ भी अस्पताल पहुंचे।
वाहन चालक पर प्रकरण किया दर्ज, अभिरक्षा में लिया वाहन
इस मामले में टीआई बलराम राठौड़ ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर वाहन चालक धर्मेंद्र तोमर निवासी धरमपुरी (जिला धार) के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही उसे व गाड़ी को पुलिस की अभिरक्षा में ले लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 112 वाहन सीएम राइज स्कूल के सामने खड़ा था। इसी दौरान गाड़ी को इवेंट (काल) आया। इवेंट पर जाने के लिए चालक ने अचानक तेज गति से गाड़ी घुमाई और लापरवाही पूर्वक सीधे बुजुर्ग के ऊपर चढ़ा दी। इस दौरान आसपास बैठे कई ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
बहन के साथ वकील से चर्चा करने आया था मृतक
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक की बहन राधा बाई ने रोते-बिलखते बताया कि होली पर ही उसके बेटे की सुकड़ी नदी में डूबने से मौत हो गई थी। उसी मामले में सलाह के लिए वह बड़े भाई काशीराम के साथ वकील से मिलने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी वाहन चालक की लापरवाही ने अब उनके भाई की जान ले ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रकरण दर्ज कर लिया है।
घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे बुर्जुग पर चढ़ा पुलिस वाहन, मौत

208 Views


