अनोखा तीर, हरदा। हरदा के करताना चौकी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोंदागांवकला निवासी सहयोग पिता धन्नालाल खंडे (30) अपनी बाइक से गांव के एक व्यक्ति को पगढाल छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की करताना की ओर से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा ऑटो को बचाने के प्रयास में हुआ। इस दुर्घटना में सहयोग के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार बंगाली डॉक्टर कमलकांत मंडल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल के डॉक्टर रामकृष्ण गुर्जर ने बताया कि सिर में गहरी चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण युवक की मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
बाइक भिड़ंत में एक की मौत, एक घायल

356 Views


